देशभर के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है। केंद्र सरकार की अहम कैबिनेट बैठक इस समय जारी है, जिसमें खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी पर फैसला लिए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, यह फैसला 2025-26 के खरीफ विपणन सीजन के लिए लिया जा सकता है। सरकार ने यह कदम किसानों को उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने और कृषि आय में सुधार के उद्देश्य से उठाया है।
कैबिनेट द्वारा स्वीकृत MSP वृद्धि में सबसे अधिक वृद्धि नाइजरसीड (₹820 प्रति क्विंटल) के लिए की गई है। इसके बाद रागी (₹596), कपास (₹589) और तिल (₹579) का स्थान है। नए MSP के अनुसार, अधिकांश खरीफ फसलों पर 50% या उससे अधिक का लाभ किसानों को मिलेगा। बाजरा (63%), मक्का (59%), अरहर (59%) और उड़द (53%) जैसी फसलों पर सबसे अधिक लाभ प्रतिशत देखा गया है।
| फसल | MSP 2025-26 | लागत (₹) | लागत पर लाभ (%) | 2024-25 की तुलना में वृद्धि |
| धान (सामान्य) | 2369 | 1579 | 50% | ₹69 |
| धान (ग्रेड A) | 2389 | - | - | ₹69 |
| ज्वार (हाइब्रिड) | 3699 | 2466 | 50% | ₹328 |
| ज्वार (मालदांडी) | 3749 | - | - | ₹328 |
| बाजरा | 2775 | 1703 | 63% | ₹150 |
| रागी | 4886 | 3257 | 50% | ₹596 |
| मक्का | 2400 | 1508 | 59% | ₹175 |
| अरहर (तुअर) | 8000 | 5038 | 59% | ₹450 |
| मूंग | 8768 | 5845 | 50% | ₹86 |
| उड़द | 7800 | 5114 | 53% | ₹400 |
| मूंगफली | 7263 | 4842 | 50% | ₹480 |
| सूरजमुखी | 7721 | 5147 | 50% | ₹441 |
| सोयाबीन (पीला) | 5328 | 3552 | 50% | ₹436 |
| तिल | 9846 | 6564 | 50% | ₹579 |
| नाइजरसीड | 9537 | 6358 | 50% | ₹820 |
| कपास (मीडियम स्टेपल) | 7710 | 5140 | 50% | ₹589 |
| कपास (लॉन्ग स्टेपल) | 8110 | - | - | ₹589 |
2014 के बाद से खरीफ फसलों की खरीद और MSP भुगतान में बड़ा इज़ाफा
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार:
2014-15 से 2024-25 के बीच धान की खरीद 7608 लाख मीट्रिक टन (LMT) रही, जबकि 2004-05 से 2013-14 के बीच यह मात्रा 4590 LMT थी।
14 खरीफ फसलों की कुल खरीद 2014-25 के दौरान 7871 LMT रही, जबकि पिछली अवधि में यह 4679 LMT थी।
धान उत्पादक किसानों को MSP के तहत भुगतान 2014 से 25 में ₹14.16 लाख करोड़ रहा, जबकि 2004-14 में यह मात्र ₹4.44 लाख करोड़ था।
कुल खरीफ फसलों के लिए MSP भुगतान 2014-25 में ₹16.35 लाख करोड़ रहा, जबकि 2004 से 14 में यह ₹4.75 लाख करोड़ रहा।
Nutri-Cereals और दालों को बढ़ावा
सरकार ने हाल के वर्षों में अनाज के अलावा दलहन, तिलहन और पोषक-अनाज (श्री अन्न) की खेती को प्रोत्साहित किया है। इन फसलों पर उच्च MSP निर्धारित कर किसानों को विविध फसल चक्र अपनाने और पोषण सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया है।
ये भी पढें- शहरी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल: मध्यप्रदेश में शुरू हुई दीनदयाल जन-आजीविका योजना