देशभर के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत बीज किस्मों की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 29 मई से 12 जून 2025 तक “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का आयोजन करने जा रही है। इस 15 दिवसीय राष्ट्रीय अभियान के माध्यम से 700 से अधिक जिलों में 1.5 करोड़ से अधिक किसानों तक सीधा संपर्क स्थापित किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इस संबंध में 12 मई को नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से 2,000 से अधिक टीमें गठित की जाएंगी, जिनमें कृषि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी और प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। ये टीमें हर दिन जिले स्तर पर तीन बैठकें आयोजित करेंगी, जिससे प्रतिदिन 10 से 12 लाख किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचेगी।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने इसे “अन्नदाताओं के सपनों को साकार करने का पवित्र संकल्प” बताया और कहा कि यह अभियान भारत को समृद्ध और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था की दिशा में अग्रसर करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'लैब से लैंड' (Lab to Land) मंत्र को यह अभियान सच्चे अर्थों में जमीन पर उतारेगा। श्री चौहान ने बताया कि आज़ादी के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में—ICAR और कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) के 16,000 वैज्ञानिक—किसी एक अभियान के लिए एकजुट होकर कार्य करेंगे।
ये भी पढें- गौ संवर्धन और डेयरी विकास को मिलेगा बढ़ावा, 22 नई गौशालाएं शुरू