मध्यप्रदेश सरकार ने ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में पूंजीगत व्यय में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कैग के आंकड़ों के अनुसार देश के 16 राज्यों में पूंजीगत व्यय में वृद्धि दर्ज की गई है, जिनमें गुजरात 65%, उत्तर प्रदेश 42% और मध्यप्रदेश 41% वृद्धि के साथ शीर्ष तीन में शामिल है। यह राज्य का अब तक का सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में मध्यप्रदेश ने अब तक का सबसे अधिक 66,218 करोड़ रुपये का निर्यात किया है। फार्मास्युटिकल, इंजीनियरिंग गुड्स और सोया उत्पादों के निर्यात बढ़ने से 6% की वृद्धि हुई है। इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश की निर्यात रैंकिंग 15 से सुधरकर 11 हो गई है।
मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लागू करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। देशभर में 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा। इससे प्रदेश की औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जीएसटी सुधार से मिलेगा उपभोक्ताओं को लाभ:
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दीपावली पर देश को बड़ी सौगात मिलने वाली है। नई जनरेशन के लिए जीएसटी रिफॉर्म लागू किए जाएंगे, जिससे रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी और टैक्स का बोझ भी कम होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कुल 15.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण है, जिसमें से 13.92 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है। शेष 1.68 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। मक्का का रकबा लगभग 5 लाख हेक्टेयर बढ़ने से यूरिया की मांग बढ़ी है। आगामी डेढ़ माह में 5.60 लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध होने की संभावना है।
श्री महाकाल की सवारियों में नवाचार:
इस वर्ष भगवान श्री महाकाल की सवारियों को विशेष थीम पर निकाला गया। पहली सवारी वैदिक उद्घोष के साथ हुई, जबकि अन्य सवारियां लोक संस्कृति, पर्यटन और परंपराओं पर केंद्रित रहीं। जनजातीय अंचलों के कलाकारों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। राजसी सवारी के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसमें नगरवासियों ने सक्रिय भागीदारी की।
स्वदेशी को बढ़ावा: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ता से देश आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। रायसेन जिले के उमरिया गांव में बीईएमएल आधुनिक रेल कोच कारखाने का शिलान्यास और धार जिले में पीएम मित्रा पार्क की स्थापना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे मध्यप्रदेश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को ‘फार्म-टू-फॉरेन’ की नई दिशा मिलेगी।