खरीफ फसलों की कटाई के बाद उत्तर प्रदेश में रबी सीजन की बुवाई की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों को समय पर प्रमाणित बीज और पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने कृषि विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं। कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बीज वितरण, खाद की उपलब्धता और सरकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक निर्धारित समय पर मिलना चाहिए। साथ ही खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की बजट प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों के अनुसार, 16 नवंबर तक कृषि विभाग के लिए निर्धारित 10,017.45 करोड़ रुपये के बजट में से 6,285.98 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। यह कुल बजट का 62.75 प्रतिशत है। स्वीकृत राशि में से 3,868.82 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। विभागीय योजनाओं के तहत इस वर्ष अब तक 3,170.97 करोड़ रुपये का व्यय दर्ज किया गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 2,766.94 करोड़ रुपये थी। राज्य योजनाओं में बजट खर्च की प्रगति 77.69 प्रतिशत बताई गई।
रबी सीजन 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश में बुवाई का कुल लक्ष्य बढ़ाकर 140.47 लाख हेक्टेयर कर दिया गया है। पिछले वर्ष यह लक्ष्य 139.17 लाख हेक्टेयर था। इस बार राई-सरसों, तोरिया, चना, मटर और मसूर जैसी फसलों का रकबा बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, प्रदेश में बीज प्रतिस्थापन दर (Seed Replacement Rate-SRR) को 49 प्रतिशत से बढ़ाकर 51 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों तक बेहतर गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज पहुंचाना और फसल उत्पादन में सुधार को बढ़ावा देना है।
रबी फसलों के लिए सरकारी संस्थाओं के माध्यम से कुल 12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक 9,75,912 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 81 प्रतिशत है। वहीं, किसानों को 6,96,895 क्विंटल बीज वितरित किया जा चुका है। दलहन और तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 7,66,057 रबी मिनीकिट उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 7,37,894 मिनीकिट उपलब्ध कराए जा चुके हैं और 5,88,192 मिनीकिट किसानों तक पहुंचाई जा चुकी हैं। इस तरह मिनीकिट की उपलब्धता का लक्ष्य लगभग 96 प्रतिशत और वितरण का लक्ष्य करीब 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
यूपी में 50.51 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध, पिछले साल से ज्यादा स्टॉक:
उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि 18 नवंबर तक उत्तर प्रदेश में कुल 50.51 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में उपलब्ध 42.40 लाख मीट्रिक टन उर्वरक से 8.11 लाख मीट्रिक टन अधिक है। यह मात्रा नवंबर महीने के लिए निर्धारित 32.70 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य से भी काफी ज्यादा है। वितरण के बाद भी प्रदेश के सभी 75 जिलों में सहकारी और निजी क्षेत्र को मिलाकर पर्याप्त उर्वरक स्टॉक मौजूद है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिलों में 20.03 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4.02 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 5.49 लाख मीट्रिक टन एनपीके का भंडार है।
(FAQs):
1. यूपी में रबी फसलों की बुवाई का लक्ष्य कितना है?
उत्तर प्रदेश में रबी सीजन 2026-27 के लिए 140.47 लाख हेक्टेयर में बुवाई का लक्ष्य रखा गया है।
2. यूपी में किसानों को कितने क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जाएंगे?
सरकारी संस्थाओं के माध्यम से 12 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य है।
3. उत्तर प्रदेश में कुल कितना खाद का स्टॉक उपलब्ध है?
18 नवंबर 2026 तक प्रदेश में 50.51 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है।
4. यूपी में यूरिया, डीएपी और एनपीके का कितना स्टॉक है?
प्रदेश में 20.03 लाख मीट्रिक टन यूरिया, 4.02 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 5.49 लाख मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है।
5. रबी सीजन 2026-27 में किन फसलों का रकबा बढ़ाने पर जोर है?
इस बार उत्तर प्रदेश में राई-सरसों, तोरिया, चना, मटर और मसूर की खेती का रकबा बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।