सर्दियों के मौसम में आलू की कीमतों ने आम उपभोक्ताओं और होटल-रेस्टोरेंट सेक्टर को राहत दी है। नवंबर और दिसंबर के मंडी आंकड़ों की तुलना से साफ है कि देश की प्रमुख आलू मंडियों में कीमतें या तो स्थिर बनी रहीं या फिर नरमी की ओर बढ़ीं। इसकी मुख्य वजह मंडियों में आवक का बढ़ना है। विशेषज्ञों के अनुसार, जनवरी से नई फसल की आवक तेज होते ही आलू के दामों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
मुंबई की वाशी एपीएमसी में नवंबर के मुकाबले दिसंबर में आलू की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। नवंबर में जहां औसत भाव 1,460 रुपये प्रति क्विंटल था, वहीं दिसंबर में यह घटकर 1,195 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। इस दौरान आवक 17,360 मीट्रिक टन से बढ़कर 25,268 मीट्रिक टन हो गई, जिससे बाजार में आपूर्ति मजबूत बनी रही।
दिल्ली की केशोपुर मंडी में भी आलू के दामों में साफ नरमी दिखी। नवंबर में औसत भाव 1,553 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो दिसंबर में घटकर 1,028 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया। इसी दौरान आवक 4,556 से बढ़कर 6,480 मीट्रिक टन हो गई।
| जिला | मंडी | फसल | किस्म | औसत भाव (₹/क्विंटल) | आवक मात्रा (मीट्रिक टन) | माह |
| मुंबई | वाशी न्यू मुंबई एपीएमसी | आलू | अन्य | 1460 | 17,360 | नवंबर |
| मुंबई | वाशी न्यू मुंबई एपीएमसी | आलू | अन्य | 1195 | 25,268 | दिसंबर |
| लखनऊ | लखनऊ एपीएमसी | आलू | देसी | 1300 | 10,450 | नवंबर |
| लखनऊ | लखनऊ एपीएमसी | आलू | देसी | 1025 | 15,410 | दिसंबर |
| कानपुर | कानपुर (अनाज) एपीएमसी | आलू | आलू | 1206 | 13,250 | नवंबर |
| कानपुर | कानपुर (अनाज) एपीएमसी | आलू | आलू | 840 | 1,27,317 | दिसंबर |
| वाराणसी | वाराणसी (फल एवं सब्जी) एपीएमसी | आलू | बादशाह | 1327 | 13,868 | नवंबर |
| वाराणसी | वाराणसी (फल एवं सब्जी) एपीएमसी | आलू | बादशाह | 953 | 28,467 | दिसंबर |
| दिल्ली | केशोपुर एपीएमसी | आलू | आलू | 1553 | 4,556 | नवंबर |
| दिल्ली | केशोपुर एपीएमसी | आलू | आलू | 1028 | 6,480 | दिसंबर |
| जयपुर | जयपुर (फल एवं सब्जी) एपीएमसी | आलू | अन्य | 1264 | 2,715 | नवंबर |
| जयपुर | जयपुर (फल एवं सब्जी) एपीएमसी | आलू | अन्य | 555 | 9,429 | दिसंबर |
| इंदौर | इंदौर एपीएमसी | आलू | स्थानीय | 997 | 1,299 | नवंबर |
| इंदौर | इंदौर एपीएमसी | आलू | स्थानीय | 1030 | 6,186 | दिसंबर |
| शाजापुर | शाजापुर एपीएमसी | आलू | आलू | 800 | 36 | नवंबर |
| शाजापुर | शाजापुर एपीएमसी | आलू | आलू | 685 | 603 | दिसंबर |
लखनऊ: बेहतर उपलब्धता से कीमतों में गिरावट: लखनऊ एपीएमसी में आलू के भाव नवंबर में 1,300 रुपये प्रति क्विंटल थे, जो दिसंबर में घटकर 1,025 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। आवक में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 10,450 से बढ़कर 15,410 मीट्रिक टन हो गई।
कानपुर: रिकॉर्ड आवक, दामों में तेज नरमी: कानपुर मंडी में दिसंबर के दौरान आलू की आवक में जबरदस्त उछाल देखा गया। नवंबर में जहां आवक 13,250 मीट्रिक टन थी, वहीं दिसंबर में यह बढ़कर 1.27 लाख मीट्रिक टन से अधिक पहुंच गई। इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा और भाव 1,206 रुपये से गिरकर 840 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
इंदौर: कीमतें लगभग स्थिर: इंदौर मंडी में आवक बढ़ने के बावजूद आलू के दाम लगभग स्थिर बने रहे। नवंबर में औसत भाव 997 रुपये प्रति क्विंटल था, जो दिसंबर में मामूली बढ़त के साथ 1,030 रुपये प्रति क्विंटल रहा। इस दौरान आवक 1,299 से बढ़कर 6,186 मीट्रिक टन हो गई।
कुल मिलाकर, प्रमुख मंडियों में बढ़ी हुई आवक के चलते आलू की कीमतें नियंत्रण में बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में नई फसल की आवक तेज होने से दामों में और नरमी आने की संभावना है। ऐसे में नए साल के जश्न के दौरान चिप्स, फ्रेंच फ्राइज और अन्य आलू आधारित व्यंजन आम लोगों की जेब पर भारी नहीं पड़ेंगे।
ये भी पढ़ें- प्याज की कीमतों में मंदी: किसानों को नुकसान, रसोई और होटल सेक्टर को फायदा