उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है, जिससे पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंड, बारिश और बर्फबारी का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, वहीं उत्तराखंड और उत्तर भारत के कई मैदानी राज्यों में भी मौसम बदला-बदला रहेगा। इसके साथ ही कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, कोहरा और शीतलहर को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। 19 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट से हल्की-मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं 22 से 24 जनवरी के दौरान बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। 23 जनवरी को कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
21 और 22 जनवरी को उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 23-24 जनवरी को कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है। इसी दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट से हल्की-मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
23 और 24 जनवरी को उत्तराखंड में तथा 22-23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत:
अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। महाराष्ट्र, गुजरात, पूर्वी और मध्य भारत में भी आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी: उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, पश्चिमी राजस्थान और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढें- उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और AQI 400 पार, 22–23 जनवरी को बारिश के आसार