• होम
  • अच्छी पैदावार का राज क्या है? जानें उर्वरता और उत्पादकता बढ़...

अच्छी पैदावार का राज क्या है? जानें उर्वरता और उत्पादकता बढ़ाने का सही तरीका

मृदा उर्वरता
मृदा उर्वरता

किसान अक्सर मिट्टी की उर्वरता (Soil Fertility) और मिट्टी की उत्पादकता (Soil Productivity) को एक ही मान लेते हैं, जबकि कृषि विज्ञान में इन दोनों का अर्थ अलग-अलग है। मिट्टी में पोषक तत्वों की उपलब्धता अच्छी होने का मतलब यह नहीं है कि खेत से हमेशा बेहतर पैदावार ही मिलेगी। अच्छी फसल लेने के लिए मिट्टी की उर्वरता के साथ सही फसल प्रबंधन भी जरूरी है। ऐसे में सवाल उठता है कि मृदा उर्वरता और मृदा उत्पादकता में वास्तविक अंतर क्या है और किसान अपने खेत की उत्पादन क्षमता कैसे बढ़ा सकते हैं? आइए समझते हैं।

मृदा उर्वरता (Soil Fertility) क्या होती है?

मृदा उर्वरता का अर्थ है मिट्टी में फसलों की आवश्यकता के अनुसार पोषक तत्वों की उपलब्धता और उन्हें पौधों तक पहुंचाने की क्षमता। आसान शब्दों में कहें तो मिट्टी कितनी पोषक तत्वों से भरपूर है, यह उसकी उर्वरता को दर्शाता है। फसल की अच्छी वृद्धि और विकास के लिए कुल 17 आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इनमें नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सल्फर और सूक्ष्म पोषक तत्व शामिल हैं। मिट्टी में इन पोषक तत्वों की पर्याप्त उपलब्धता, उनका संतुलित अनुपात और जैविक पदार्थ (Organic Matter) की उचित मात्रा मिट्टी की उर्वरता को प्रभावित करती है। इसके लिए नियमित मिट्टी परीक्षण कराना जरूरी है, ताकि पोषक तत्वों की कमी या अधिकता का पता लगाया जा सके।

मृदा उत्पादकता (Soil Productivity) क्या होती है?

मृदा उत्पादकता का मतलब है किसी खेत की फसल उत्पादन करने की वास्तविक क्षमता। यानी किसी खेत से प्रति हेक्टेयर या प्रति एकड़ कितनी उपज प्राप्त की जा सकती है, यह उसकी उत्पादकता को दर्शाता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी खेत से किसान को प्रति हेक्टेयर 50 क्विंटल गेहूं या 60 क्विंटल धान की पैदावार मिलती है, तो यह उस खेत की उत्पादकता का एक संकेत है। हालांकि, वास्तविक उत्पादन केवल मिट्टी के पोषक तत्वों पर निर्भर नहीं करता, बल्कि मौसम, सिंचाई, बीज की गुणवत्ता, फसल प्रबंधन और अन्य परिस्थितियों का भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए मिट्टी में पोषक तत्व पर्याप्त होने के बावजूद यदि किसान समय पर बुवाई नहीं करता, खरपतवार नियंत्रण नहीं करता या सिंचाई और रोग प्रबंधन में लापरवाही बरतता है, तो उत्पादन कम हो सकता है। 

अच्छी मृदा उत्पादकता के लिए उर्वरता के साथ प्रबंधन भी जरूरी:

मिट्टी की उर्वरता और उत्पादकता एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं, लेकिन दोनों समान नहीं हैं। अच्छी मृदा उत्पादकता के लिए उपजाऊ मिट्टी के साथ बेहतर फसल प्रबंधन भी आवश्यक है। यदि खेत की मिट्टी में पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और जैविक पदार्थ भी अच्छी स्थिति में है। लेकिन किसान समय पर बुवाई नहीं करता, खेत में खरपतवार बढ़ जाते हैं और फसल में लगने वाले रोगों एवं कीटों का नियंत्रण नहीं करता, तो पौधों की वृद्धि प्रभावित होगी। इसके विपरीत, यदि मिट्टी में लवणता (Salinity) या अम्लीयता (Acidity) जैसी समस्याएं हैं, तो केवल अच्छी बुवाई, सिंचाई और खरपतवार नियंत्रण से बेहतर उत्पादन हासिल करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी मिट्टी में पहले उसकी समस्या की पहचान करके सुधारात्मक उपाय करना जरूरी है। 

मिट्टी की उर्वरता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसान क्या करें?

  1. खेत की उत्पादन क्षमता बनाए रखने और बेहतर पैदावार प्राप्त करने के लिए किसानों को मिट्टी के स्वास्थ्य और फसल प्रबंधन दोनों पर ध्यान देना चाहिए।
  2. नियमित मिट्टी परीक्षण कराएं: समय-समय पर मिट्टी की जांच कराएं। इससे नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम और सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपलब्धता के साथ मिट्टी की अन्य समस्याओं का पता चलता है।
  3. संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाएं: मिट्टी परीक्षण और फसल की जरूरत के अनुसार ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें। बिना आवश्यकता के यूरिया और डीएपी का अधिक उपयोग करने से बचें।
  4. जैविक पदार्थ बढ़ाएं: खेत में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद, कम्पोस्ट और उपयुक्त जैविक खादों का इस्तेमाल करें। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन भी मिट्टी में जैविक पदार्थ बनाए रखने में मदद करता है।
  5. समय पर बुवाई और उचित बीज दर अपनाएं: क्षेत्र और फसल के अनुसार सही किस्म का चयन करें। अनुशंसित बीज दर और बुवाई की उचित दूरी का पालन करें।
  6. सिंचाई और खरपतवार नियंत्रण पर ध्यान दें: फसल की अवस्था और मिट्टी की नमी के अनुसार सही समय पर सिंचाई करें। साथ ही खरपतवार, रोग और कीटों का समय रहते प्रबंधन करें।

(FAQs):

1. मृदा उर्वरता किसे कहते हैं?

मिट्टी में फसलों की वृद्धि के लिए जरूरी पोषक तत्वों की उपलब्धता और पौधों को उन्हें प्राप्त करने की क्षमता को मृदा उर्वरता कहते हैं।

2. मृदा उत्पादकता का क्या अर्थ है?

किसी खेत से एक निश्चित क्षेत्र और समय में प्राप्त होने वाली फसल की वास्तविक मात्रा को मृदा उत्पादकता से समझा जाता है।

3. क्या अधिक उपजाऊ मिट्टी से हमेशा ज्यादा पैदावार मिलती है?

नहीं, अच्छी मृदा उर्वरता के बावजूद मौसम, सिंचाई, बीज की गुणवत्ता और फसल प्रबंधन की कमी से पैदावार कम हो सकती है।

4. मिट्टी की उर्वरता कैसे बढ़ाई जा सकती है?

मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरकों का इस्तेमाल, गोबर की खाद, कम्पोस्ट और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है।

5. मृदा उर्वरता और मृदा उत्पादकता में मुख्य अंतर क्या है?

मृदा उर्वरता मिट्टी में पोषक तत्वों की उपलब्धता बताती है, जबकि मृदा उत्पादकता खेत की वास्तविक फसल उत्पादन क्षमता को दर्शाती है।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें