• होम
  • ‘Lab to Land’ मॉडल से खेती में 44% उत्पादन वृद्धि: प्रयोगशा...

‘Lab to Land’ मॉडल से खेती में 44% उत्पादन वृद्धि: प्रयोगशाला से खेत तक तकनीक और किसानों से जुड़ेगा कृषि विकास

Lab to Land' मॉडल
Lab to Land' मॉडल

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश में अन्न उत्पादन में 44% की वृद्धि हुई है। उन्होंने इस प्रगति को ‘Lab to Land’ यानी प्रयोगशाला से खेत तक तकनीक पहुँचाने के दृष्टिकोण का परिणाम बताया। इसके लिए हाल ही में पूरे देश में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ चलाया गया, जिसमें 2,170 टीमों ने 1.35 करोड़ किसानों से सीधा संवाद कर खेती की चुनौतियों और ज़मीनी जरूरतों को समझा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और कृषि क्षेत्र को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अनुसंधान दिल्ली नहीं, अब खेतों में तय होगा:

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब कृषि अनुसंधान के विषय केवल दिल्ली में बैठकर नहीं तय होंगे, बल्कि किसानों से सीधी बातचीत के आधार पर क्षेत्रीय स्तर पर तय किए जाएंगे। किसानों को ही ज़मीन की हकीकत सबसे बेहतर तरीके से पता है और आज के किसान नवाचारों में भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में विभिन्न फसलों को लेकर क्षेत्रीय परामर्श बैठकें होंगी—कॉटन पर कोयंबटूर में, गन्ने पर मेरठ में और दालों पर कानपुर में संवाद आयोजित किए जाएंगे।

सोयाबीन उत्पादकता बढ़ाने पर विशेष जोर:

श्री चौहान ने कहा कि सोयाबीन प्रोटीन का एक प्रमुख स्रोत है और इसके उत्पाद जैसे टोफू, सोया दूध आदि का अधिक उपयोग व निर्यात बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कई उन्नत किसान प्रति एकड़ 20 क्विंटल तक उत्पादन ले रहे हैं। इनकी तकनीकों को समझकर अन्य किसानों तक पहुँचाया जाएगा।

उन्नत बीज, मशीनरी और रोग-प्रतिरोधी किस्मों पर अनुसंधान:

श्री चौहान ने कहा कि अब फोकस प्रति हेक्टेयर उत्पादकता बढ़ाने पर होगा। जीनोम एडिटिंग तकनीक के माध्यम से बेहतर बीज विकसित किए जाएंगे। जड़ सड़न जैसी समस्याओं के समाधान, बीज उपचार, और रोग की समय पर पहचान पर भी अनुसंधान किया जाएगा। इसके अलावा, खेतों में मशीनरी को बढ़ावा देने की भी योजना है, क्योंकि कृषि मज़दूरों की उपलब्धता कम होती जा रही है।

लेटेस्ट
khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें