दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश और बाढ़ से कई इलाकों में पानी भर गया है। हालात ऐसे बने कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। वहीं, पंजाब में भारी बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 6 से 7 सितंबर के बीच गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में भी इन दो दिनों में तेज वर्षा हो सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 11 सितंबर के बीच भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश में मानसूनी सिस्टम एक्टिव रहने से लगातार बारिश का दौर जारी है। शनिवार को 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया। राजधानी भोपाल में सुबह से वर्षा जारी है, वहीं शुक्रवार को जलस्तर बढ़ने पर पांच डैम के गेट खोलने पड़े। नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर और रतलाम समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे तक तेज बारिश की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने तीन दिन तक ग्रीन जोन रहने की जानकारी दी है। इस दौरान आसमान साफ रहेगा और तापमान बढ़ने से गर्मी व उमस का असर दिखेगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है, वहीं कानपुर में भी लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहेंगे।
बिहार में फिर सक्रिय होगा मानसून: बिहार में 10 सितंबर से मानसून दोबारा जोर पकड़ने वाला है। पटना समेत 11 जिलों में गरज-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में पटना जिले में स्थित मसौढ़ी में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। वहीं, पटना 36.5 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
ये भी पढ़ें- गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट