देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी को उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार सहित कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही सिक्किम में ओलावृष्टि की भी आशंका है।
आईएमडी (मौसम विभाग) के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। विभाग ने बताया कि 28 से 30 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 29 और 30 जनवरी को कोहरे का प्रभाव अधिक रहने के आसार हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में 28 और 29 जनवरी को अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खासकर यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़ में 28-31 जनवरी तक ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी के बीच कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 31 जनवरी के दौरान अलग-अलग इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
28 जनवरी को बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश
28 जनवरी को बिहार में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा सिक्किम में 28 जनवरी को अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि की गतिविधि भी देखने को मिल सकती है।
बारिश-बर्फबारी और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।
मध्य भारत में 2-4 डिग्री की गिरावट के संकेत
मध्य भारत में अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। अगले 24 घंटे में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन इसके बाद अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
उत्तर महाराष्ट्र और गुजरात में भी बदलेगा तापमान
उत्तर महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद अगले 3 दिनों में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी और फिर कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। वहीं गुजरात में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि इसके बाद अगले 3 दिनों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
सलाह: मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और तेज हवा व बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
ये भी पढें- सावधान! पंजाब, हरियाणा और यूपी में आज बारिश और तूफान का अलर्ट, जानें आपके शहर का हाल