मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन, चंबल, रीवा और जबलपुर संभागों के कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं भोपाल और सागर संभागों में कहीं-कहीं तथा ग्वालियर संभाग में कई जगहों पर वर्षा हुई।
IMD के अनुसार मध्यप्रदेश में गर्मी से कुछ राहत देखने को मिली है। भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर संभागों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, रीवा संभाग में तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई। भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 से 7.0 डिग्री तक कम रहा। उज्जैन, ग्वालियर और सागर संभागों में यह 3.3 से 4.9 डिग्री तक नीचे रहा। रीवा और शहडोल संभागों में भी तापमान सामान्य से 1.6 से 2.9 डिग्री कम दर्ज किया गया।
प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर में और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी, नर्मदापुरम में रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश में नौतपा के बावजूद मौसम ठंडा बना हुआ है। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए रहे और मौसम विभाग ने 51 जिलों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई गई है।
राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का रुख: राजस्थान के जयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई से 1 जून के बीच आंधी-बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी रहेगी, जबकि पूर्वी राजस्थान में छिटपुट स्थानों पर बारिश संभव है। 2 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 2 से 4 जून तक दोपहर बाद गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। आगामी 3 से 4 दिनों तक राज्य में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना जताई गई है।