• होम
  • Weather today: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: दिल्ली–NCR, यूप...

Weather today: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: दिल्ली–NCR, यूपी और एमपी में तापमान तेजी से गिरा

दिसंबर शुरू, ठंड ने दिखाए तेवर
दिसंबर शुरू, ठंड ने दिखाए तेवर

दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड अपने चरम की ओर बढ़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि उत्तर प्रदेश, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे रहने का अनुमान है। पंजाब के आदमपुर में देश का सबसे कम तापमान 2.4°C दर्ज किया गया, जिससे यहां ठंड का असर और अधिक तीव्र हो गया है।

दिल्ली–NCR में बढ़ी सर्दी, हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ठंडक तेज होती जा रही है। यहां तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 4 और 5 दिसंबर की सुबह दिल्ली–NCR में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 6 दिसंबर को रात का तापमान कुछ बढ़कर 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से 10–15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं बहेंगी, जिससे सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ सकती है।

मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन:

मौसम विभाग के मुताबिक, 5 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा, जिसका असर सीधे मध्य प्रदेश तक पहुंचेगा। पर्वतीय इलाकों में जमा बर्फ पिघलने के बाद बर्फीली हवाएं मैदानी क्षेत्रों में प्रवेश करेंगी, जिससे तापमान में तेज गिरावट होगी। इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर संभाग में सामान्य से अधिक ठंड महसूस होने की संभावना है।

दिसंबर–जनवरी में बढ़ सकती है शीतलहर की अवधि:

दिसंबर और जनवरी पारंपरिक रूप से उत्तर भारत में भीषण सर्दी के महीने होते हैं। ठंडी उत्तरी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलती है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस साल इन महीनों में कई शहरों में 20 से 22 दिनों तक लगातार शीतलहर चल सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप सामान्य से काफी अधिक रहने वाला है।

ये भी पढ़ें- IMD Alert: दिसंबर की शुरुआत में ही बढ़ी ठंड, पंजाब–राजस्थान–UP में पारा तेजी से लुढ़का

लेटेस्ट
khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें