केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 31 मई को 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' के तहत विभिन्न राज्यों के विधायकों से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है, जिसका उद्देश्य देशभर में 10 मिलियन (1 करोड़) किसानों से सीधे जुड़ना है। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 2,170 टीमों द्वारा 7,368 गांवों में 4,416 दौरे किए जा चुके हैं, जिससे लगभग 7.95 लाख किसानों से सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। इन टीमों का उद्देश्य किसानों को कृषि ज्ञान और विज्ञान से जोड़ना है तथा उन्हें 'विकसित कृषि' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।
इस अभियान के माध्यम से किसानों को जलवायु अनुकूल फसल किस्मों के उपयोग, उर्वरकों के संतुलित प्रयोग, मृदा पोषण की जानकारी और संरक्षण, फसल रोगों की पहचान व उपचार, और कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहन देने जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों को देखते हुए यह अभियान किसानों के लिए जैविक खेती, ड्रोन तकनीक, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन जैसे विषयों पर जानकारी देने में सहायक होगा।
खरीफ सीजन में दिखेगा प्रत्यक्ष लाभ: मंत्री ने बताया कि इस अभियान का सीधा प्रभाव आगामी खरीफ फसल पर देखने को मिलेगा। यह अभियान ‘लैब से खेत तक’ की सोच को साकार करने और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा। इसमें कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी और हमारे किसान भाई-बहन मिलकर देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।
विधायकों से किसानों को जोड़ने की अपील: श्री चौहान ने विधायकों से अपील की कि वे किसानों को वैज्ञानिकों से जोड़ने और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि इस पहल का लक्ष्य है- कम लागत, अधिक उत्पादन, टिकाऊ खेती और लाभकारी कृषि।
अंत में उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञ और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के वैज्ञानिक किसानों के खेत और घर तक पहुंचेंगे तथा किसानों की नवाचार क्षमता से भी सीखेंगे। यह एक ऐतिहासिक पहल है, जो भारतीय कृषि विज्ञान और किसान विकास की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी।
ये भी पढें- भोपाल से नारी शक्ति को नई उड़ान: महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में पीएम मोदी का संबोधन