देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। आगामी दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 26 अप्रैल के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग तरह की मौसम गतिविधियां सक्रिय रहेंगी।
मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 24 और 25 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को मौसम खराब रह सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश में 21 अप्रैल को व्यापक बारिश के साथ कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 21 से 24 अप्रैल के बीच असम और मेघालय में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 अप्रैल को बारिश और 22-23 अप्रैल को बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 से 26 अप्रैल के बीच रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।
ओडिशा में 21 से 24 अप्रैल तक और झारखंड में 24 अप्रैल को बारिश और आंधी की संभावना है।
बिहार में 21, 24 और 25 अप्रैल को तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) के साथ तूफानी हालात बन सकते हैं।
मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्रों में 21 अप्रैल को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
केरल और माहे में 21-22 अप्रैल को बारिश का असर रहेगा। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 21 से 24 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में 21 से 23 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 21 से 24 अप्रैल के बीच बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
कोंकण और गोवा में 21 और 23 अप्रैल को बिजली गिरने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- मॉनसून अपडेट 2026: इस साल कमजोर रह सकता है मॉनसून, अल नीनो का असर पड़ सकता है