• होम
  • Farm pond scheme: खेत तालाब योजना बनी किसानों की आय का नया ज...

Farm pond scheme: खेत तालाब योजना बनी किसानों की आय का नया जरिया, ऑनलाइन आवेदन शुरू

उत्तर प्रदेश खेत तालाब योजना
उत्तर प्रदेश खेत तालाब योजना

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों को सिंचाई सुविधा देने और वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेत तालाब योजना को और प्रभावी बना दिया है। इस योजना के तहत अब किसान सिर्फ सिंचाई ही नहीं, बल्कि मछली पालन, सिंघाड़ा, मखाना और मोती की खेती के जरिए अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकेंगे। वित्त वर्ष 2025–26 के लिए योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें किसानों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लाभ दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी के अनुसार, यह योजना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ जल संकट से निपटने और सिंचाई की लागत को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के कई जिलों में हर साल सूखा और असमय बारिश किसानों के लिए भारी नुकसान का कारण बनती है। ऐसे में खेत तालाब जैसी योजनाएं किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।

ऐसे उठाएं ‘खेत तालाब योजना’ का लाभ:

कृषि विभाग के अनुसार, एक खेत तालाब की निर्धारित लागत ₹1,05,000 तय की गई है। इसमें से सरकार ₹52,500 की राशि अनुदान के रूप में देगी, जबकि शेष खर्च किसान को स्वयं वहन करना होगा। आवेदन के समय किसानों को ₹1,000 की टोकन मनी ऑनलाइन जमा करनी होगी।

किसान https://agridarshan.up.gov.in पोर्टल के माध्यम से योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। डॉ. पंकज त्रिपाठी ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत मिलने वाला अनुदान डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए दो किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जाएगा।

सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अनिवार्य:

इस योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने अपने खेतों में पहले से सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली (ड्रिप या स्प्रिंकलर) स्थापित कर ली है या फिर आवेदन के साथ इसका त्रिपक्षीय अनुबंध जमा किया है। तालाब निर्माण पूरा होने के बाद पात्र किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। किसान अपने जनपद के कृषि विभाग कार्यालय से योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन से लेकर अनुदान प्राप्त होने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी रखी गई है।

जल संरक्षण के साथ स्मार्ट खेती की दिशा में कदम: कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी के अनुसार, खेत तालाब योजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना, सिंचाई खर्च को कम करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। यह योजना किसानों को पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर स्मार्ट और टिकाऊ कृषि अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

FAQs: खेत तालाब योजना 2025–26:

Q1. खेत तालाब योजना का लाभ कौन ले सकता है?
उत्तर: उत्तर प्रदेश के वे किसान जिनके पास कृषि भूमि है और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली उपलब्ध है।

Q2. खेत तालाब योजना में कितना अनुदान मिलता है?
उत्तर: कुल लागत का 50% यानी ₹52,500 सरकार द्वारा दिया जाता है।

Q3. आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है या ऑफलाइन?
उत्तर: आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन है।

Q4. खेत तालाब से कौन-कौन सी खेती कर सकते हैं?
उत्तर: मछली पालन, सिंघाड़ा, मखाना और मोती की खेती।

Q5. अनुदान कब और कैसे मिलेगा?
उत्तर: अनुदान DBT के जरिए दो किस्तों में सीधे बैंक खाते में मिलेगा।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें