• होम
  • गेहूं MSP पर बिक्री के लिए किसान पंजीयन की तारीख बढ़ी, अब 10...

गेहूं MSP पर बिक्री के लिए किसान पंजीयन की तारीख बढ़ी, अब 10 मार्च तक मौका

गेहूँ पंजीयन 2026-27 (Wheat Registration 2026-27)
गेहूँ पंजीयन 2026-27 (Wheat Registration 2026-27)

रबी विपणन वर्ष 2026–27 के लिए समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 10 मार्च कर दी गई है। पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित थी। राज्य शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक किसान समय पर पंजीयन करा सकें और समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने का लाभ ले सकें।

अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे पंजीयन केंद्र:

किसानों को पंजीयन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने अवकाश के दिनों में भी पंजीयन केंद्र खुले रखने का निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों के किसानों को भी पंजीयन कराने के लिए पर्याप्त समय और सुविधा मिल सकेगी।

इन किसानों के लिए विशेष पंजीयन व्यवस्था:

खाद्य विभाग के निर्देशों के अनुसार सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसान केवल सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं में स्थापित पंजीयन केंद्रों पर ही अपना पंजीयन करा सकेंगे। साथ ही वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का वन पट्टा तथा सिकमी और बटाईदार किसानों का सिकमी/बटाई अनुबंध 2 फरवरी 2026 से पहले पंजीकृत होना अनिवार्य किया गया है।

ई-उपार्जन पोर्टल पर होगी पंजीयन प्रक्रिया:

पंजीयन के दौरान ई-उपार्जन पोर्टल पर मूल भू-स्वामी की सहमति, आधार नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। इसके बाद ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पंजीयन की पुष्टि की जाएगी। ओटीपी सत्यापन पूरा होने के बाद ही किसान का पंजीयन मान्य माना जाएगा।

पंजीयन के समय जरूरी दस्तावेज:

पंजीयन केंद्र पर किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और सिकमी/बटाई अनुबंध की प्रति साथ लानी होगी। पंजीयन के दौरान ऑपरेटर इन दस्तावेजों को स्कैन कर ई-उपार्जन पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके बाद इस श्रेणी के किसानों के दस्तावेजों का राजस्व विभाग द्वारा शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाएगा।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश: जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और सहकारी संस्थाओं को पंजीयन प्रक्रिया में सहयोग देने और किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसान समय रहते पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने का लाभ प्राप्त कर सकें।

FAQs:

1. गेहूं MSP के लिए किसान पंजीयन की अंतिम तिथि क्या है?
अब किसान 10 मार्च 2026 तक पंजीयन करा सकते हैं।

2. किसान पंजीयन कहां कराया जा सकता है?
पंजीयन केंद्रों और सहकारी समितियों में स्थापित केंद्रों पर किसान पंजीयन कराया जा सकता है।

3. क्या अवकाश के दिनों में भी पंजीयन होगा?
हाँ, किसानों की सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में भी पंजीयन केंद्र खुले रहेंगे।

4. पंजीयन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?
आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और सिकमी/बटाई अनुबंध की प्रति जरूरी है।

5. पंजीयन किस पोर्टल पर किया जाएगा?
किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें