• होम
  • Delhi weather today: दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना, पर जल्द...

Delhi weather today: दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना, पर जल्द ही लौट सकती है गर्मी, देशभर में तेज बारिश का अलर्ट

दिल्ली-NCR में मौसम का बदला मिजाज
दिल्ली-NCR में मौसम का बदला मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। बादलों की आवाजाही, रुक-रुक कर हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जिससे दिन और रात दोनों समय मौसम सुहाना बना हुआ है।

हालांकि, यह राहत अधिक समय तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 जून से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 8 जून तक दिल्ली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और उमस का असर तेज हो जाएगा।

आज शाम दिल्ली में मौसम का बदलेगा मिजाज:

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आज शाम दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। 

5 जून के बाद दिल्ली-एनसीआर में गर्मी बढने के आसार:

5 जून के बाद दिल्ली-एनसीआर में गर्मी दोबारा लौट सकती है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ रात के तापमान में भी इज़ाफा होगा। जहां अभी रात का न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस है, वहीं 6 से 8 जून के बीच यह 27-28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

देश के अन्य हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति: भारत में मानसून ने इस बार समय से पहले केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों में दस्तक दे दी है। कई स्थानों पर भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मुंबई और केरल में मूसलाधार बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि असम, मणिपुर और सिक्किम जैसे राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। कई इलाकों में सेना को राहत-बचाव कार्यों में लगाया गया है।

मध्य और पूर्वी भारत में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट: उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी हल्की बारिश संभव है। आईएमडी के अनुसार मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 4 जून से 7 जून तक गरज-चमक, बिजली और 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है।

ये भी पढें- अगले 3 दिन तेज बारिश और आंधी का कहर - मौसम विभाग की चेतावनी जारी

लेटेस्ट
khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें