मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए बड़ी सौगात देने जा रही है। सरकार द्वारा शुरू की गई “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” के तहत युवाओं को 45 दिन का निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि प्रशिक्षण के दौरान रहने-खाने की पूरी व्यवस्था मुफ्त होगी और साथ ही सरकार स्टाइपेंड भी देगी। इस योजना के तहत प्रदेश के 4,000 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इच्छुक उम्मीदवार 11 मई शाम 6 बजे तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ओबीसी वर्ग के युवाओं को रोजगार और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पिछ्डा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग
से आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके अलावा प्रदेश के 20 चयनित जिलों में स्थित विभागीय सहायक संचालक कार्यालयों से भी आवेदन फॉर्म निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ 11 मई या उससे पहले संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का मध्य प्रदेश का मूल निवासी और ओबीसी (नॉन-क्रीमीलेयर) वर्ग से होना जरूरी है। उम्मीदवार का कम से कम 12वीं पास होना अनिवार्य है। शारीरिक मापदंडों के अनुसार पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और महिला उम्मीदवारों की 155 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। इसके अलावा फ्लैट फुट और नॉक-नी जैसी शारीरिक समस्याएं नहीं होनी चाहिए। यदि आवेदन संख्या 4,000 से अधिक होती है, तो चयन 12वीं कक्षा के अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा। समान अंक होने पर अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
ट्रेनिंग के दौरान मिलेंगी खास सुविधाएं:
चयनित युवाओं को 45 दिन के आवासीय प्रशिक्षण के दौरान नाश्ता, भोजन और अध्ययन सामग्री मुफ्त दी जाएगी। साथ ही पुरुष अभ्यर्थियों को ₹1,000 प्रतिमाह और महिला अभ्यर्थियों को ₹1,100 प्रतिमाह स्टाइपेंड सीधे बैंक खाते में दिया जाएगा। महिला उम्मीदवारों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कुल सीटों में 35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा गया है।
फिजिकल और लिखित तैयारी दोनों पर फोकस:
ट्रेनिंग प्रोग्राम को पूरी तरह रिजल्ट आधारित बनाया गया है। इसमें रोजाना लगभग 4 घंटे लिखित परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। वहीं सुबह और शाम मिलाकर 3 घंटे शारीरिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।
20 जिलों में शुरू होंगे प्रशिक्षण केंद्र: योजना की शुरुआत प्रदेश के 20 जिलों के 40 प्रशिक्षण केंद्रों से की जाएगी। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, सागर, सतना, छिंदवाड़ा, मुरैना और अन्य जिले शामिल हैं। महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण व्यवस्था की जाएगी।
1. शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 क्या है?
यह मध्य प्रदेश सरकार की योजना है, जिसमें OBC युवाओं को सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों की भर्ती के लिए मुफ्त प्रशिक्षण दिया जाएगा।
2. इस योजना में कितने दिन की ट्रेनिंग मिलेगी?
युवाओं को 45 दिन का निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
3. आवेदन की अंतिम तारीख क्या है?
इच्छुक उम्मीदवार 11 मई 2026 शाम 6 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
4. क्या ट्रेनिंग के दौरान स्टाइपेंड मिलेगा?
हाँ, पुरुष उम्मीदवारों को ₹1,000 और महिला उम्मीदवारों को ₹1,100 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
5. योजना के लिए कौन आवेदन कर सकता है?
मध्य प्रदेश के OBC नॉन-क्रीमीलेयर वर्ग के 12वीं पास युवा इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं।