राज्य सरकार ने विकास को गति देने के लिए गरीब कल्याण मिशन, युवा शक्ति मिशन, किसान कल्याण मिशन और देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन लागू किए हैं। इन सभी मिशनों के लिए अलग-अलग रोडमैप तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि सभी वर्गों के सशक्तिकरण से मध्यप्रदेश नई ऊँचाइयों को छुएगा।
इस मिशन का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा को मजबूत कर आर्थिक रूप से पिछड़े और वंचित वर्गों को कठिन समय में आवश्यक सहायता प्रदान करना है। साथ ही, रोजगार से संबंधित योजनाओं के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना इसका लक्ष्य है। मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और अन्य बुनियादी सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। यह मध्यप्रदेश सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाएं और आवश्यक सेवाएं वंचित वर्गों तक सरलता से पहुंचें।
‘स्वामी विवेकानंद युवा शक्ति मिशन’ का शुभारंभ 12 जनवरी 2025 को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर किया गया। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीकों, उद्यमिता और खेल के क्षेत्र में उच्च कौशल से सशक्त बनाना है। मिशन युवाओं को वैश्विक जॉब मार्केट के लिए तैयार करेगा और उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करेगा। इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों दोनों के युवाओं के लिए सुलभ होंगे। सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से मिशन की जानकारी युवाओं तक पहुंचाई जा रही है।
मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल ने 15 अप्रैल को किसान कल्याण मिशन को स्वीकृति दी। इसका उद्देश्य है कि अन्नदाता समृद्ध हों और कृषि क्षेत्र में स्थायित्व आए। मिशन के तहत फसल विविधीकरण के साथ-साथ पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे सहायक व्यवसायों को बढ़ावा दिया जाएगा। कृषि आधारित उद्यमिता को वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। जैविक खेती, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, बाजार से सीधा जुड़ाव और स्थानीय मेलों के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाया जा रहा है। बीज, उर्वरक और कृषि उपकरणों पर अनुदान देकर उनकी लागत भी कम की जा रही है।
देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन: मंत्रिपरिषद की बैठक महेश्वर में पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित की गई, जहां देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन की शुरुआत की गई। इस मिशन का उद्देश्य है महिलाओं को समान अवसर देकर उन्हें सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना। मिशन के अंतर्गत महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन और उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजनाएं शामिल हैं।