• होम
  • Weather Today: दिल्ली-यूपी में ठंडी हवाओं से बढ़ेगी सर्दी, र...

Weather Today: दिल्ली-यूपी में ठंडी हवाओं से बढ़ेगी सर्दी, राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना

दिल्ली यूपी में सर्दी
दिल्ली यूपी में सर्दी

उत्तर भारत में सर्दी ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राजधानी दिल्ली में तापमान में गिरावट का दौर जारी है और धूप का असर भी कम महसूस होने लगा है। फिलहाल दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। साथ ही, कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में बढ़ी ठंड, लखनऊ में साफ मौसम:

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी यूपी में हालिया बारिश के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास और बढ़ने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को आसमान साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, बरेली समेत राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य बने रहने की उम्मीद है।

राजस्थान में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ:

मौसम विभाग के अनुसार, 3 नवंबर से राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों में 3 और 4 नवंबर को बारिश होने की उम्मीद है, जबकि बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

5 नवंबर के बाद पूरे राज्य में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ जाएगा।
इन मौसमी बदलावों के साथ उत्तर भारत आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी के शुरुआती दौर में प्रवेश करने वाला है।

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश में 'मोथा' चक्रवात का कहर! इन 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

लेटेस्ट
khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें