• होम
  • मौसम अलर्ट: कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत: 20 दिसंबर तक...

मौसम अलर्ट: कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर भारत: 20 दिसंबर तक ठंड का कहर, यूपी के 38 जिलों में अलर्ट

 देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। India Meteorological Department के अनुसार, 16 से 20 दिसंबर के बीच उत्तर भारत और पूर्वोत्तर भारत में घना से बहुत घना कोहरा छाने के साथ ही ठंड में इजाफा होने की संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पहाड़ी इलाकों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। 

उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी Dense Fog Warning Across North India

मौसम विभाग के मुताबिक, 16 और 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसी अवधि में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में 16 से 18 दिसंबर तक और पूर्वोत्तर भारत में 16 से 20 दिसंबर के बीच कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में तापमान का हाल

बीते 24 घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी ठंड का असर बढ़ा है। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यूपी में 38 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन घने कोहरे को लेकर 38 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, आगरा, इटावा, प्रयागराज और मिर्जापुर में अत्यधिक घने कोहरे के कारण ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। हवा तेज होने पर कोहरे का असर धीरे-धीरे कम होने की भी संभावना है।

राजस्थान में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान सामान्य बना रह सकता है। हालांकि, राज्य के पूर्वी और पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। सुबह और देर रात दृश्यता प्रभावित हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
  

लेटेस्ट
khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें