• होम
  • किसानों के लिए बड़ी घोषणा: गेहूं MSP पर 40 रुपये बोनस, अब मि...

किसानों के लिए बड़ी घोषणा: गेहूं MSP पर 40 रुपये बोनस, अब मिलेगा 2625 रुपये प्रति क्विंटल – Khetivyapar

गेहूं का समर्थन मूल्य 2026 (Wheat MSP 2026)
गेहूं का समर्थन मूल्य 2026 (Wheat MSP 2026)

राज्य सरकार वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिले, इसके लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। रबी विपणन वर्ष 2026–27 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की गई है। इस फैसले के बाद किसानों को गेहूं का कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल भुगतान मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अपने संकल्प-पत्र में वर्ष 2028 तक 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी का लक्ष्य रखा है। आने वाले वर्षों में सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के साथ उससे आगे बढ़ने के लिए भी प्रयास करेगी।

उड़द खरीदी पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों को दलहन उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उड़द की खरीदी पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की गई है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे उड़द की खेती को बढ़ावा दें, ताकि उन्हें इस योजना का पूरा लाभ मिल सके और आगामी फसलों की तैयारी भी बेहतर तरीके से हो सके।

गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च तक:

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में किसानों को गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है। इससे अधिक से अधिक किसानों को समय पर पंजीयन कराने का अवसर मिलेगा।

किसानों को सिंचाई के लिए दिन में मिलेगी बिजली:

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को रात के समय खेतों में सिंचाई करने की मजबूरी से राहत मिलेगी और संभावित दुर्घटनाओं व अन्य परेशानियों से बचाव होगा।

किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर बैठक में विस्तृत चर्चा:

बैठक में भूमि अधिग्रहण पर मुआवजा राशि बढ़ाने, जंगली जानवरों से फसल नुकसान पर मुआवजा, मंडी अधिनियम के प्रावधान, फसल गिरदावरी, अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन की समय-सीमा तय करने, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान संगठनों से प्राप्त सुझावों पर राज्य सरकार गंभीरता से विचार करेगी, ताकि किसानों के हितों को और बेहतर तरीके से सुरक्षित किया जा सके।

FAQs:

1. गेहूं MSP 2026-27 पर किसानों को कितना पैसा मिलेगा?
सरकार की घोषणा के अनुसार किसानों को गेहूं पर 40 रुपये बोनस सहित कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे।

2. गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि क्या है?
सरकार ने पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 मार्च कर दी है।

3. उड़द की खरीद पर कितना बोनस मिलेगा?
उड़द की सरकारी खरीद पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा।

4. किसानों को सिंचाई के लिए बिजली कब मिलेगी?
सरकार ने निर्देश दिया है कि किसानों को दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

5. सरकार का 2028 तक क्या लक्ष्य है?
सरकार ने वर्ष 2028 तक 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदी का लक्ष्य तय किया है।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें